12वीं पास बालिकाओं के लिए ₹51,000 की वित्तीय सहायता पाने की संपूर्ण गाइड, आवश्यक दस्तावेज और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
उत्तराखंड सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित 'नंदा गौरा योजना' प्रदेश की गरीब परिवारों की बेटियों के भविष्य को संवारने की एक महत्वाकांक्षी पहल है ,इस योजना का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के जन्म से लेकर उनकी उच्च शिक्षा तक आर्थिक मदद पहुंचाना है, ताकि वे बिना किसी वित्तीय बाधा के अपने सपनों को पूरा कर सकें । इस योजना के दो मुख्य चरण होते हैं: पहला चरण बालिका के जन्म के समय और दूसरा चरण बालिका के 12वीं कक्षा (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण करने के बाद । 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के प्रोत्साहन के रूप में सरकार द्वारा बालिका को ₹51,000 की वित्तीय सहायता सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाती है ,यदि आप या आपके परिवार की कोई बेटी इस योजना के लिए पात्र है, तो आपको इसकी आवेदन प्रक्रिया, नियमों और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी होनी चाहिए, क्योंकि आवेदन में छोटी सी गलती भी आपके फॉर्म को निरस्त करा सकती है।
इस विस्तृत लेख में हम आपको नंदा गौरा योजना के द्वितीय चरण (12वीं पास के बाद) के तहत आवेदन करने की पूरी ऑनलाइन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, सभी ज़रूरी दस्तावेजों की सूची और फॉर्म भरते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताएंगे ।
नंदा गौरा योजना 2026: महत्वपूर्ण तिथियां और नियम
वर्ष 2026 के लिए नंदा गौरा योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 अगस्त 2026 से प्रारंभ हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है । सभी पात्र बालिकाओं को इसी तय समय सीमा के भीतर अपना आवेदन पूरा करना अनिवार्य है ।
- पात्रता का मुख्य नियम: इस योजना का लाभ केवल उसी वर्ष लिया जा सकता है जिस वर्ष बालिका ने 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की हो , उदाहरण के लिए, यदि बालिका ने वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट पास किया है, तो वह केवल 2026 के सत्र में ही आवेदन करने के योग्य मानी जाएगी । इसके अतिरिक्त, यह लाभ एक परिवार की अधिकतम दो बालिकाओं को ही प्रदान किया जा सकता है ।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत सूची
नंदा गौरा योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करते समय सभी प्रमाण पत्रों को सही प्रारूप में अपलोड करना अत्यंत आवश्यक है , आपके पास निम्नलिखित दस्तावेजों का होना अनिवार्य है ।
1. शैक्षणिक दस्तावेज़
- 12वीं कक्षा की मार्कशीट व प्रमाण पत्र: उत्तराखंड बोर्ड, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) या एनआईओएस (NIOS) से उत्तीर्ण होने का मूल अंक पत्र ।
- 10वीं कक्षा की मार्कशीट व प्रमाण पत्र: हाईस्कूल की सनद और मार्कशीट, जिसका उपयोग मुख्य रूप से बालिका की आयु के सत्यापन के लिए किया जाता है ।
- प्रधानाचार्य का प्रमाण पत्र: स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा जारी किया गया एक निर्धारित प्रारूप का प्रमाण पत्र, जो यह प्रमाणित करता है कि छात्रा ने इसी स्कूल से नियमित पढ़ाई कर 12वीं पास की है (यह ओपन स्कूल के छात्रों के लिए आवश्यक नहीं है) ।
2. व्यक्तिगत, कानूनी और निवास प्रमाण पत्र
- स्थाई निवास प्रमाण पत्र: बालिका का उत्तराखंड राज्य का वैध स्थाई निवास प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है ।
- आय प्रमाण पत्र: परिवार की सालाना आय का प्रमाण पत्र जो तहसीलदार द्वारा जारी किया गया हो । योजना के नियमानुसार, परिवार की वार्षिक आय ₹72,000 से कम (या मासिक आय ₹6,000 से कम) होनी चाहिए ।
- अविवाहित प्रमाण पत्र: बालिका के अविवाहित होने का एक स्व-घोषणा पत्र या शपथ पत्र (Affidavit) ।
- परिवार रजिस्टर की नकल: हाल ही में संबंधित ब्लॉक या ग्राम पंचायत द्वारा जारी की गई परिवार रजिस्टर की प्रमाणित प्रतिलिपि ।
- राशन कार्ड: बीपीएल (BPL) या अंत्योदय राशन कार्ड की फोटोकॉपी, जिसमें बालिका का नाम स्पष्ट रूप से अंकित हो ।
3. पहचान और बैंकिंग दस्तावेज़
- आधार कार्ड: बालिका, माता और पिता तीनों का आधार कार्ड अनिवार्य रूप से संलग्न करना होता है ।
- पैन कार्ड: बालिका और उसके माता-पिता दोनों का पैन कार्ड विवरण फॉर्म में देना आवश्यक है ।
- बैंक पासबुक: केवल बालिका के नाम का बैंक खाता होना चाहिए, जो पूरी तरह से एक्टिव हो और आधार कार्ड से लिंक हो ।
- बैंक स्टेटमेंट: परिवार के बैंक खातों का पिछले 1 वर्ष का पूरा ट्रांजैक्शन स्टेटमेंट अपलोड करना होता है ।
4. अन्य विशिष्ट आवश्यकताएं
• पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर: बालिका की हाल की रंगीन फोटो और स्पष्ट हस्ताक्षर ।
• माता-पिता के हस्ताक्षर: माता या पिता/अभिभावक के डिजिटल हस्ताक्षर ।
• बिजली या पानी का बिल: निवास के पते की पुष्टि के लिए पिछले बिल । यदि गृह कर या बिजली बिल उपलब्ध नहीं है, तो ग्राम प्रधान या वार्ड पार्षद द्वारा प्रमाणित 'गृह कर न देने का प्रमाण पत्र' प्रस्तुत करना होता है ।
• आंगनबाड़ी प्रमाण पत्र: संबंधित क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ती द्वारा सत्यापित एवं प्रमाणित किया गया निर्धारित फॉर्म ।
• उच्च शिक्षा में प्रवेश का प्रमाण: यदि बालिका ने 12वीं के बाद कॉलेज, बीए, बीएससी या किसी अन्य उच्च शिक्षा संस्थान में दाखिला ले लिया है, तो उसकी रसीद या प्रवेश दस्तावेज ।
ऑनलाइन आवेदन करने की चरण-दर-चरण प्रक्रिया
नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन पूरी तरह से डिजिटल है , आवेदन प्रक्रिया को चार मुख्य चरणों (Steps) में विभाजित किया गया है, जिन्हें नीचे विस्तार से समझाया गया है ।
चरण 1: पोर्टल पर पंजीकरण (Registration) और लॉगिन
1. सबसे पहले अपने कंप्यूटर या मोबाइल में कोई भी इंटरनेट ब्राउज़र खोलें और सर्च बार में "नंदा गौरा योजना" टाइप करके सर्च करें ।
2. खोज परिणामों में दिखाई देने वाली पहली वेबसाइट (पोर्टल) पर क्लिक करके उसे ओपन करें ।
3. होमपेज पर आपको "नए आवेदन उपयोगकर्ता अभी पंजीकरण करें" का विकल्प दिखाई देगा,उस पर क्लिक करें।
4. पंजीकरण फॉर्म में अपना चालू मोबाइल नंबर दर्ज करें और अपने संबंधित जिले (District) का चयन करें , इसके बाद 'जानकारी दर्ज करें' बटन पर क्लिक करें ।
5. आपके दर्ज मोबाइल नंबर पर एक वन-टाइम पासवर्ड (OTP) आएगा , उस ओटीपी को पोर्टल पर डालकर सत्यापित (Verify) करें ।
6. ओटीपी सत्यापन के बाद, आपको अपने खाते के लिए एक मजबूत पासवर्ड बनाने के लिए कहा जाएगा , पासवर्ड सेट करके फॉर्म सबमिट कर दें ।
7. अब दोबारा होमपेज पर आएं और अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा बनाए गए पासवर्ड की मदद से पोर्टल में साइन इन (Sign In) या लॉगिन करें ।
चरण 2: स्टेप-1 व्यक्तिगत जानकारी भरना
लॉगिन करते ही आपके सामने मुख्य आवेदन फॉर्म खुल जाएगा । पहले स्टेप में छात्रा को अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी भरनी होगी
1. नाम और पारिवारिक विवरण: सबसे पहले छात्रा का नाम, माता का नाम, पिता का नाम और छात्रा की सही जन्म तिथि (मार्कशीट के अनुसार) दर्ज करें ।
2. श्रेणी और संपर्क: अपनी जाति श्रेणी (सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी) चुनें । मोबाइल नंबर पहले से भरा होगा, आप चाहें तो अपनी ईमेल आईडी भी डाल सकते हैं ।
3. आधार और परिवार संख्या: छात्रा का आधार कार्ड नंबर दर्ज करें और अपने परिवार के कुल सदस्यों की संख्या का चयन करें ।
4. क्षेत्रीय विवरण: अपने जिले, ब्लॉक/परियोजना और अपने क्षेत्र के संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के नाम का चयन लिस्ट में से करें ।
5. भाई-बहनों की संख्या: परिवार में कुल भाई-बहनों की संख्या दर्ज करें ।
6. बैंकिंग विवरण: यह इस चरण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है । छात्रा को अपना पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता संख्या (Account Number), बैंक का नाम, शाखा का नाम और आईएफएससी (IFSC) कोड बिल्कुल सही-सही भरना होगा। ध्यान रहे कि बैंक खाता केवल छात्रा के नाम पर होना चाहिए।
7. यह सारी जानकारी भरने के बाद नीचे दिए गए 'नेक्स्ट' बटन पर क्लिक करके पहले स्टेप को सुरक्षित करें ।
चरण 3: स्टेप-2 परिवार, शिक्षा और आय का विवरण
'स्टेप टू खोलें' पर क्लिक करने के बाद आपको अपने परिवार के अन्य सदस्यों, अपनी शिक्षा और पारिवारिक आय की जानकारी देनी होगी ।
1. भाई-बहनों का विवरण: आपके द्वारा पहले चुने गए भाई-बहनों की संख्या के आधार पर कॉलम खुलेंगे । यहाँ उनके नाम, जन्म तिथि और उनकी वर्तमान शिक्षा (स्कूल/कॉलेज का नाम) या कार्य की जानकारी भरें । यदि कोई भाई-बहन स्कूल नहीं जाता या जानकारी उपलब्ध नहीं है, तो उस कॉलम में "उपलब्ध नहीं है" लिख दें ।
2. पूर्व लाभ का विवरण: यदि परिवार में किसी बड़ी बहन ने पहले इस योजना के तहत 12वीं पास का लाभ लिया है, तो उसका नाम, आधार नंबर और लाभ प्राप्त करने का वर्ष दर्ज करें । यदि ऐसा नहीं है, तो "उपलब्ध नहीं है" लिखकर आगे बढ़ें ।
3. इंटरमीडिएट विवरण: अपनी 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने का वर्ष (जैसे 2026), अपने स्कूल का पूरा नाम और अपने शिक्षा बोर्ड (जैसे उत्तराखंड बोर्ड या सीबीएसई) का नाम लिखें ।
4. उच्च शिक्षा विवरण: 12वीं के बाद आपने जिस भी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया है, उस शिक्षण संस्थान का नाम यहाँ दर्ज करें ।
5. माता-पिता का पैन और आय: अपनी माता और पिता का पैन कार्ड नंबर भरें । इसके बाद तहसीलदार द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र के अनुसार परिवार की वार्षिक आय (जैसे ₹72,000), आय प्रमाण पत्र का क्रमांक (Certificate Number) और जारी होने की तिथि दर्ज करें ।
6. बिजली-पानी और व्यवसाय: आपके घर में बिजली और पानी का कनेक्शन है या नहीं, इसका चयन 'हाँ' या 'ना' में करें । यदि कनेक्शन नहीं है, तो उसका कारण चुनें (जैसे- अपना आवास नहीं है या गांव में व्यवस्था नहीं है) । इसके बाद पिता और माता का व्यवसाय चुनें । यदि उनके पास मनरेगा जॉब कार्ड है, तो उसका नंबर डालें, अन्यथा "NA" लिख दें ।
7. अंत में 'सबमिट स्टेप टू' पर क्लिक करें ।
चरण 4: स्टेप -3 चल-अचल संपत्ति और उपभोग का विवरण
तीसरे चरण में परिवार की आर्थिक स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए संपत्ति का विवरण मांगा जाता है ।
1. भूमि का प्रकार: सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना (SECC) में परिवार की स्थिति चुनें । इसके बाद परिवार के पास उपलब्ध कृषि या आवासीय भूमि का प्रकार (जैसे पैतृक भूमि, रजिस्ट्री, पट्टा या किराया) चुनें ।
2. जमीन का क्षेत्रफल और मूल्य: अपनी खतौनी (जमीन के कागजात) के अनुसार कुल कृषि भूमि का क्षेत्रफल हेक्टेयर में दर्ज करें और उसका वर्तमान अनुमानित मूल्य भरें ।
3. आवास का विवरण: आपका घर कच्चा है या पक्का, इसका चयन करें । घर में कुल कमरों (कक्षों) की संख्या, मकान का कुल क्षेत्रफल और उसका वर्तमान बाजार मूल्य दर्ज करें ।
4. बैंक खातों में जमा राशि: परिवार के सभी मुख्य सदस्यों (पिता, माता और स्वयं छात्रा) के नाम, उनके बैंक का नाम, खाता संख्या और उनके बैंक स्टेटमेंट के अनुसार खाते में मौजूद वर्तमान धनराशि (Balance Amount) की सटीक जानकारी भरें ।
5. वाहन विवरण: यदि परिवार के पास कोई दोपहिया (Two-wheeler) या तिपहिया वाहन है, तो उसके संबंध में विवरण और अनुमानित मूल्य डालें । यदि कोई वाहन नहीं है, तो "एनए (NA)" या नॉट एप्लीकेबल लिखें ।
6. बिजली बिलों का विवरण: अपने घर के बिजली कनेक्शन की खाता संख्या (Consumer ID) डालें और पिछले तीन महीनों में जमा किए गए बिलों की तिथि तथा भुगतान की गई धनराशि का विवरण भरें ।
7. यह विवरण पूरा होने के बाद 'स्टेप थ्री जमा करें' पर क्लिक कर दें ।
चरण 5: स्टेप-4 प्रमाण पत्र अपलोड करना और फाइनल सबमिशन
यह इस पूरी प्रक्रिया का सबसे संवेदनशील चरण है, जहाँ आपको सभी दस्तावेज पीडीएफ (PDF) या इमेज प्रारूप में अपलोड करने होते हैं ।
1. फोटो और हस्ताक्षर: छात्रा की नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, छात्रा के हस्ताक्षर और माता/पिता के हस्ताक्षर अलग-अलग कॉलम में 'Choose File' पर क्लिक करके अपलोड करें ।
2. शैक्षणिक दस्तावेज: 10वीं का प्रमाण पत्र (हाईस्कूल सनद) और 12वीं कक्षा का मूल अंक पत्र व प्रमाण पत्र अपलोड करें ।
3. संयुक्त दस्तावेज (Combined PDFs): छात्रा, माता और पिता तीनों के आधार कार्डों को एक साथ मिलाकर एक कंबाइंड पीडीएफ बना लें और उसे अपलोड करें । इसी तरह तीनों के पैन कार्डों की भी एक संयुक्त पीडीएफ बनाकर अपलोड करें ।
4. निवास और आय: छात्रा का स्थाई निवास प्रमाण पत्र और तहसीलदार द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र अपलोड करें ।
5. गृह कर न देने का प्रमाण पत्र: यदि आप ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं और गृह कर नहीं देते हैं, तो ग्राम प्रधान द्वारा प्रमाणित कराया गया पत्र (जिसमें लिखा हो कि आप वहाँ के स्थाई निवासी हैं और आपके द्वारा कोई गृह कर नहीं दिया जाता) यहाँ अपलोड करें ।
6. परिवार रजिस्टर और राशन कार्ड: परिवार रजिस्टर की प्रमाणित नकल या राशन कार्ड की प्रतिलिपि अपलोड करें ।
7. शपथ पत्र (Affidavit): नोटरी द्वारा तैयार कराया गया आधिकारिक शपथ पत्र अपलोड करें, जिसमें यह स्पष्ट रूप से प्रमाणित हो कि यह लाभ परिवार की पहली या दूसरी बेटी द्वारा लिया जा रहा है, बेटी अविवाहित है और दी गई संपत्ति व खातों की सभी जानकारियां पूर्णतः सत्य हैं ।
8. पासबुक और बैंक स्टेटमेंट: लाभार्थी छात्रा की बैंक पासबुक का मुख्य पृष्ठ और परिवार के सभी सदस्यों के पिछले 1 वर्ष के बैंक खातों के बयानों (Statements) की कंबाइंड फाइल अपलोड करें ।
9. संस्थान एवं आंगनबाड़ी प्रारूप: कॉलेज में दाखिले की रसीद, स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा हस्ताक्षरित एवं मोहर लगा हुआ निर्धारित स्कूल प्रारूप, और अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ती द्वारा प्रमाणित व हस्ताक्षरित घोषणा पत्र का पीडीएफ बनाकर अपलोड करें ।
10. अंतिम सबमिशन: सभी दस्तावेजों के सफलतापूर्वक अपलोड होने के बाद नीचे दिए गए स्व-घोषणा (Consent) चेकबॉक्स पर टिक करें और "अंतिम सबमिशन हेतु आगे बढ़ें" पर क्लिक कर दें । आपका आवेदन पूर्ण हो जाएगा और जांच के बाद धनराशि सीधे आपके खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी ।
फॉर्म में सुधार (Edit) कैसे करें?
यदि फाइनल सबमिट करने से पहले आपको महसूस होता है कि आपने कोई जानकारी गलत टाइप कर दी है या कोई गलत दस्तावेज अपलोड हो गया है, तो पोर्टल आपको सुधार का मौका देता है ।
• आप फॉर्म में नीचे दिए गए 'बैक (Back)' बटन पर क्लिक करके पिछले चरणों में जा सकते हैं ।
• सबसे ऊपर टॉप में जाकर आप जिस भी स्टेप (जैसे स्टेप-1 व्यक्तिगत जानकारी) को सुधारना चाहते हैं, उसके सामने दिए गए 'एडिट (Edit)' विकल्प पर क्लिक करें ।
• त्रुटि को ठीक करने के बाद 'जानकारी अपडेट करें ', पर क्लिक करें, जिससे आपका डेटा सेव हो जाएगा ।
• यदि कोई दस्तावेज गलत अपलोड हुआ है, तो स्टेप-4 में जाकर संबंधित दस्तावेज के आगे दिए गए 'हटाएं/Delete' बटन पर क्लिक करके पुराने फाइल को हटा सकते हैं और दोबारा 'Choose File' कर सही दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं ।
महत्वपूर्ण चेतावनी:
ध्यान रखें कि एक बार 'फाइनल सबमिशन' बटन दबाने के बाद पोर्टल पर किसी भी प्रकार के संपादन या सुधार (Edit) का विकल्प नहीं मिलेगा । यदि फाइनल सबमिट किए गए फॉर्म में कोई जानकारी या दस्तावेज गलत पाया जाता है, तो आपका आवेदन सीधे विभाग द्वारा रिजेक्ट (निरस्त) कर दिया जाएगा । इसलिए अंतिम रूप से फॉर्म जमा करने से पहले हर एक कॉलम और अपलोड की गई फाइलों को दो बार अवश्य जांच लें ।
निष्कर्ष
उत्तराखंड नंदा गौरा योजना बेटियों की उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाने का एक बेहतरीन जरिया है । ₹51,000 की यह राशि लड़कियों को कॉलेज की फीस, किताबें और अन्य शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करती है । यदि आप इसके पात्र हैं, तो अंतिम तिथि (30 नवंबर 2026) का इंतजार किए बिना अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे आय, निवास, शपथ पत्र, स्कूल व आंगनबाड़ी के प्रमाण पत्र समय पर रहते तैयार करवा लें और ऊपर बताई गई सावधानियों को ध्यान में रखते हुए अपना ऑनलाइन आवेदन आसानी से पूरा करें । सही तरीके से भरा गया फॉर्म बिना किसी रुकावट के आपकी सहायता राशि सीधे आपके बैंक खाते तक पहुंचाएगा ।
नंदा गौरा योजना 2026 - सभी जरूरी फॉर्म PDF में डाउनलोड करें
यदि आप योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं, तो नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके आवश्यक प्रमाण पत्रों के आधिकारिक प्रारूप (Form Formats) सीधे डाउनलोड कर सकते हैं:
• 1. शपथ पत्र का प्रारूप (Affidavit Format):
• 2. प्रधानाचार्य द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रारूप:
• 3. आंगनबाड़ी कार्यकर्ती प्रमाण पत्र प्रारूप:
(नोट: इन प्रारूपों को डाउनलोड करने के बाद इनका प्रिंट निकाल लें, और फार्म भर कर संबंधित अधिकारियों से हस्ताक्षरित करवाकर स्टेप-4 में अपलोड करें।)
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न:-
Q1. नंदा गौरा योजना 2026 के ऑनलाइन फॉर्म भरने की आख़िरी तारीख क्या है?
• उत्तर: वर्ष 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है । फॉर्म 22 अगस्त 2026 से भरे जा रहे हैं । आख़िरी समय की सर्वर समस्याओं से बचने के लिए समय से पहले आवेदन पूरा कर लें।
Q2. क्या 12वीं पास करने के किसी भी साल बाद इसके लिए आवेदन किया जा सकता है?
• उत्तर: नहीं। नियम के अनुसार, बालिका जिस वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करती है, वह केवल उसी वर्ष योजना का लाभ लेने के लिए पात्र होती है । उदाहरण के लिए, यदि आपने वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट पास किया है, तो आप केवल 2026 के इस चालू सत्र में ही फॉर्म भर सकती हैं ।
Q3. एक परिवार की कितनी बेटियों को इस योजना का लाभ मिल सकता है?
• उत्तर: उत्तराखंड सरकार के शासनादेश के अनुसार, इस योजना का लाभ एक परिवार की अधिकतम दो बालिकाओं (प्रथम और द्वितीय पुत्री) को ही दिया जा सकता है । आवेदन करते समय आपको शपथ-पत्र में भी यह स्पष्ट रूप से प्रमाणित करना होता है ।
Q4. योजना का लाभ पाने के लिए परिवार की वार्षिक आय कितनी होनी चाहिए?
• उत्तर: परिवार की आर्थिक स्थिति गरीब या कमजोर होनी चाहिए। तहसीलदार द्वारा जारी प्रमाण पत्र के अनुसार, परिवार की वार्षिक आय ₹72,000 से कम (या मासिक आय ₹6,000 से कम) होनी अनिवार्य है ।
Q5. क्या सीबीएसई (CBSE) या ओपन स्कूल (NIOS) के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं?
• उत्तर: हाँ, बिल्कुल। यदि बालिका उत्तराखंड की स्थाई निवासी है, तो उसने चाहे उत्तराखंड बोर्ड, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) या एनआईओएस (NIOS) ओपन स्कूल से 12वीं पास की हो, वह आवेदन कर सकती है । बस ध्यान रहे कि ओपन स्कूल की छात्राओं के लिए स्कूल प्रिंसिपल का प्रमाण पत्र अनिवार्य नहीं होता है ।
Q6. बैंक खाता किसके नाम पर होना चाहिए और क्या सावधानियां रखनी हैं?
• उत्तर: बैंक खाता केवल और केवल लाभार्थी बालिका (छात्रा) के नाम पर होना चाहिए, माता-पिता के साथ जॉइंट अकाउंट मान्य नहीं होगा ।
इसके साथ ही:-
• खाता पूरी तरह एक्टिव होना चाहिए।
• खाते से आधार कार्ड लिंक (डीबीटी चालू) होना अनिवार्य है ताकि सरकारी पैसा बिना रुके आ सके ।
Q7. यदि हमारे पास बिजली या पानी का बिल नहीं है, तो डॉक्यूमेंट में क्या अपलोड करें?
• उत्तर: यदि आप किराए के मकान में रहते हैं या ग्रामीण क्षेत्र में आपके नाम पर बिजली-पानी का बिल या गृह कर (House Tax) नहीं आता है, तो आपको अपने ग्राम प्रधान, वार्ड पार्षद या सभासद द्वारा प्रमाणित कराया गया "गृह कर न देने का प्रमाण पत्र" सादे कागज पर लिखवाकर अपलोड करना होगा ।
Q8. फॉर्म में "चल-अचल संपत्ति" वाले कॉलम में बैंक बैलेंस कैसे भरें?
• उत्तर: स्टेप-3 में परिवार के सदस्यों (माता, पिता और स्वयं छात्रा) के बैंक खातों का विवरण देना होता है । यहाँ आपको अपने बैंक की पासबुक या पिछले 1 वर्ष के बैंक स्टेटमेंट (खाता विवरण) के अनुसार जो भी वर्तमान बैलेंस राशि है, वही सटीक अंक यहाँ टाइप करने हैं । बाद में यही स्टेटमेंट पीडीएफ बनाकर अपलोड भी करना होगा ।
Q9. क्या फॉर्म फाइनल सबमिट करने के बाद भी उसमें कोई सुधार (Edit) किया जा सकता है?
• उत्तर: बिल्कुल नहीं। आप फाइनल सबमिशन बटन दबाने से पहले तक फॉर्म में जितनी बार चाहें सुधार या एडिटिंग कर सकते हैं । लेकिन एक बार 'अंतिम सबमिशन हेतु आगे बढ़ें' पर क्लिक करने के बाद फॉर्म पूरी तरह लॉक हो जाता है और उसमें बदलाव का कोई विकल्प नहीं मिलता । गलत जानकारी होने पर फॉर्म सीधे रिजेक्ट कर दिया जाता है ।
Q10. फॉर्म ऑनलाइन जमा होने के बाद ₹51,000 की राशि कितने दिनों में खाते में आती है?
• उत्तर: फाइनल सबमिट होने के बाद आपका आवेदन संबंधित ब्लॉक स्तर, आंगनबाड़ी और बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा जांचा जाता है । सभी दस्तावेज और पात्रता सही पाए जाने पर, कुछ ही महीनों के भीतर सरकार द्वारा डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे आपके बैंक खाते में ₹51,000 की वित्तीय सहायता ट्रांसफर कर दी जाती है ।